नोएडा। सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने चाय-नाश्ते की दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में पांच दुकानें आ गईं। इसी दौरान सिलेंडर फटने की सूचना मिलने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
दो से तीन बार सुनाई दी धमाके की आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद दो से तीन बार छोटे सिलेंडर फटने की आवाज आई। इससे आसपास के लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
30 मिनट में आग पर काबू
दमकल कर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ उसे आसपास की दूसरी दुकानों तक फैलने से भी रोका। आग से दुकानों में रखा सामान जलकर राख होने की आशंका है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
कोई जनहानि नहीं, कारणों की जांच जारी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नोएडा में 12वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के छात्र की मौत, पुलिस जांच में जुटी

