नोएडा सेक्टर-150 में धूल-प्रदूषण से परेशान 15 सोसाइटियां, भारी वाहनों के लिए अलग रूट की मांग को लेकर प्रदर्शन

नोएडा। सेक्टर-150 में बढ़ते वायु प्रदूषण, सड़कों पर उड़ती धूल और भारी वाहनों की आवाजाही के विरोध में शनिवार को 15 आवासीय सोसाइटियों के निवासियों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने नोएडा प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस से भारी वाहनों के लिए अलग रूट तय करने की मांग की। निवासियों का कहना है कि निर्माण सामग्री और मिट्टी से लदे ट्रकों के लगातार गुजरने से रिहायशी इलाकों में धूल बढ़ रही है। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक करीब 20 हजार लोगों की सेहत इससे प्रभावित हो रही है।

हाइट बैरियर हटाने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने एटीएस प्रिस्टीन के पास प्राधिकरण द्वारा लगाए गए हाइट बैरियर को हटाने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण भारी वाहन सेक्टर की आंतरिक सड़कों से गुजर रहे हैं, जहां तेज रफ्तार ट्रकों से धूल और प्रदूषण और बढ़ रहा है। निवासियों ने मांग की कि भारी वाहनों को रिहायशी सड़कों के बजाय पुश्ता रोड से निकाला जाए। उनका कहना है कि नोएडा में ग्रेप-1 लागू होने के बावजूद धूल पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

निर्माण परियोजनाओं से बढ़ रही परेशानी

निवासियों ने सेक्टर-150 में एसीई, काउंटी, प्रेस्टीज और गोदरेज समेत अन्य निर्माण परियोजनाओं से उड़ने वाली धूल पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि आने वाले समय में यहां 15 से 20 नई परियोजनाएं शुरू हो सकती हैं, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही और प्रदूषण का खतरा और बढ़ेगा। उन्होंने निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराने और निर्माण सामग्री को ढककर ले जाने की व्यवस्था लागू करने की मांग की।

सफाई और कार्रवाई की मांग

लोगों ने सड़कों की नियमित सफाई न होने और धूल जमा रहने पर भी नाराजगी जताई। निवासियों ने ये मांगें रखीं:

सड़कों की मैकेनिकल स्वीपिंग कराई जाए

बिना नंबर प्लेट और तेज गति से चलने वाले ट्रकों पर कार्रवाई हो

रेहड़ी-पटरी का अतिक्रमण हटाया जाए

निवासियों का कहना है कि प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त निरीक्षण कर समयबद्ध कार्ययोजना बनानी चाहिए, ताकि नई परियोजनाएं शुरू होने से पहले प्रदूषण और भारी वाहनों की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-125 में एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने 5 दुकानों में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

यहां से शेयर करें