नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित कार्याध्यक्ष एवं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद मंगलवार, 14 अक्टूबर को नोएडा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने इमरान मसूद को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया और उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नेताओं ने जताया भरोसा
प्रदेश सदस्य यतेंद्र शर्मा ने इस मौके पर कहा कि इमरान मसूद को कार्याध्यक्ष का दायित्व मिलने से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मसूद के राजनीतिक अनुभव और संघर्षशील नेतृत्व से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलेगी और उनके नेतृत्व में प्रदेश में संगठन और मजबूत होगा। नोएडा कांग्रेस के नेताओं ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी हमेशा से आम जनता, किसानों, युवाओं, मजदूरों और समाज के हर वर्ग के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाना और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में रहे ये नेता मौजूद
इस स्वागत कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, प्रदेश सदस्य यतेंद्र शर्मा, महासचिव दयाशंकर पांडेय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इमरान मसूद के सफल कार्यकाल की कामना की।
यह भी पढ़ें: देहरादून में छिपी महिला पर उठा सवाल, दिल्ली पुलिस पर युवाओं की पिटाई का आरोप

