21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी बाहर खड़ी रही

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सेंचुरियन पार्क स्थित ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में एक युवक की 21वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित लवानिया के रूप में हुई है, जो सोसाइटी के एक फ्लैट में किराए पर अकेले रहते थे। पुलिस के अनुसार, हर्षित का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और दोनों करीब छह महीने से अलग-अलग रह रहे थे। सोमवार शाम पत्नी अचानक उनके फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, लेकिन हर्षित ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। बाहर से बात करने के आग्रह पर भी उन्होंने जवाब नहीं दिया। इसके बाद पत्नी सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों को बुला लाई और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की जाने लगी। इसी दौरान हर्षित बालकनी के रास्ते फ्लैट से बाहर निकले और नीचे की मंजिल से होते हुए बाहर जाने की कोशिश करने लगे। इसी प्रयास में उनका पैर फिसल गया और वे नीचे जा गिरे।

अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के तुरंत बाद सोसाइटी के लोग हर्षित को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उनके पिता अमिताभ लवानिया समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक हर्षित एक कंपनी में कार्यरत थे और पत्नी से चल रहे विवाद के चलते मानसिक तनाव में थे।

पुलिस जांच जारी, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

स्थानीय कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यह भी पढ़ें: एयर इंडिया फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, पायलट की गलती से दबा सुरक्षा कोड

यहां से शेयर करें