ग्रेटर नोएडा वेस्ट। अजनारा होम्स सोसाइटी में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसाइटी के एक टावर की ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे खड़ी एक गाड़ी पर जा गिरा। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे कुछ लोग बाल-बाल बच गए।
रात करीब 9:50 बजे हुई घटना
सोसाइटी निवासी दिनकर पांडे के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे हुई। उस समय टावर-ए के पास से कुछ महिलाएं और बच्चे गुजर रहे थे। अचानक टावर की ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा नीचे गिरा और ओपन पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी पर जा लगा। इससे तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए।
थोड़ी दूरी होने से बची जान
राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, उस वक्त ठीक नीचे कोई मौजूद नहीं था। महिलाएं और बच्चे उस जगह से कुछ दूरी पर थे, जिसके चलते वे सुरक्षित बच गए। अगर वे ठीक उसी जगह मौजूद होते, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
निवासियों ने जताई नाराजगी, स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि बिल्डिंग से प्लास्टर गिरने की घटनाएं अब आम हो गई हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। निवासियों ने कई बार स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग उठाई है, मगर अब तक इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। निवासियों ने बताया कि उन्होंने करोड़ों रुपये खर्च कर यहां फ्लैट खरीदे हैं और नियमित रूप से भारी मेंटेनेंस चार्ज भी चुका रहे हैं। इसके बावजूद घर से बाहर निकलते समय उन्हें डर सताता रहता है, क्योंकि उन्हें अंदाजा नहीं होता कि कब ऊपर से प्लास्टर या मलबा गिर जाए।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में स्कूल बस के इंजन में लगी आग, एक बच्चा झुलसा

