Jaipur CJP Attack News: जयपुर। राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के स्कूलों में दौरा करने का विरोध शुरू हो गया है। जयपुर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बगरू के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर खदेड़ दिया। उन पर पथराव भी किया गया।
दो सरकारी स्कूलों में दौरे की थी योजना
CJP का जयपुर में दो सरकारी स्कूलों में दौरे का प्लान था। इसी क्रम में CJP के कुछ कार्यकर्ता सुबह 8 बजे रामपुरा कंवरपुरा पहुंचे। बिल्डिंग जर्जर होने के चलते स्कूल बंद है और बच्चों को पास ही एक बाड़े में पढ़ाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक लोगों ने पहले CJP कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला, फिर विरोध में नारे लगाते हुए सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। गांव के मुख्य रास्ते को ट्रैक्टर-ट्रॉली अड़ाकर रोक दिया गया। ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है, “हम इस स्कूल को अपने स्तर पर ठीक करवा लेंगे। सरकार ने 12.50 लाख रुपए स्वीकृत भी कर दिए हैं। हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे।”
आशुतोष रांका बोले- 48 घंटे में गिरफ्तारी हो
आशुतोष रांका ने कहा, “आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। आज राजस्थान के लोकतंत्र में काला दिन है। ये मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का समय दे रहे हैं, ये सारे गुंडे अरेस्ट होने चाहिए और आप ऑर्डर वापस लीजिए। नहीं तो ये आंदोलन शिक्षा से बढ़कर मदन दिलावर पर जाएगा। हम तुम्हारी गुंडागर्दी से डरने वाले नहीं हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस को पहले से पत्थरबाजी की जानकारी थी, फिर भी पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए और बोला कि “हम कुछ नहीं करेंगे, ये आपका मैटर है।” रांका के मुताबिक, उनके वॉलेंटियर्स के हाथ तोड़े गए, गाड़ियों के शीशे फोड़े गए, महिलाओं पर बुजुर्गों ने पत्थर मारे और फोन तोड़े गए। उनकी शर्ट भी फाड़ी गई।
जर्जर बिल्डिंग के कारण बंद है स्कूल, टीनशेड के नीचे पढ़ रहे बच्चे
रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है, जिसके चलते इसे बच्चों के लिए बंद कर दिया गया है। छत पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं और स्कूल को 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के पढ़ने की जगह के पास ही पशुओं का चारा भरा है और दीवारों की ईंटें गिर चुकी हैं।
दो महीने पहले भी CJP फाउंडर पर हुआ था हमला
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर भी 15 जून 2026 को जयपुर में हमला हुआ था। अभिजीत नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक प्रदर्शन में शामिल होने आए थे, जहां कुछ युवकों ने उन्हें थप्पड़ मारे। इसके बाद CJP कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़कर पीट दिया था।
CJP ने X पर लिखा- राजस्थान में कोई कानून-व्यवस्था नहीं
CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “स्कूलों में बेहतरी की मांग पर हमारी टीम पर हमला हुआ। राजस्थान पुलिस ऐसी गुंडागर्दी की परमिशन कैसे दे रही है? भाजपा के गुंडे खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। राजस्थान पुलिस इसकी अनदेखी कर रही है। नतीजा सामने है। राजस्थान में कोई कानून-व्यवस्था नहीं है।”
महिला कार्यकर्ता बोलीं- आतंकवादी-नक्सली कहकर बुलाया
CJP की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे शांतिप्रिय तरीके से स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थीं, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें आतंकवादी-नक्सली कहकर बुलाया। उनके मुताबिक न सिर्फ उनके समर्थकों को पीटा गया, बल्कि धक्के देकर बाहर निकाला गया और उन पर मिट्टी भी फेंकी गई। महिला कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस प्रशासन को थी, फिर भी घटनास्थल पर पुलिस का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
ग्रामीण बोले- हथियारबंद लोग गांव में घुसने की कोशिश कर रहे थे
रामपुरा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि कुछ बाहरी व्यक्ति सुबह गांव में पहुंचे, जो खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का सदस्य बता रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, “हमने उनसे निवेदन किया था कि आप हमारे गांव में नहीं आएं, हम अपने और सरकार के स्तर पर स्कूल का निर्माण करवा लेंगे। लेकिन इसके बावजूद लगभग 2 घंटे बाद कुछ हथियारबंद लोग महिलाओं के साथ गांव में घुसने की कोशिश करने लगे, जिससे बहस हो गई।”
ग्रामीणों ने दावा किया कि बहस धक्का-मुक्की में तब्दील हुई, लेकिन इस दौरान किसी भी महिला के साथ बदसलूकी नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने CJP के सभी लोगों को गांव से भगा दिया। ग्रामीणों का कहना है, “हम यही चाहते हैं कि स्कूल के नाम पर राजनीति न हो। अगर सरकार स्कूल बना देगी तो ठीक है, वरना हम ग्रामीण स्तर पर ही निर्माण करवा लेंगे।”
भाजपा कार्यकर्ता बोले- किसी बाहरी को नहीं घुसने देंगे
बगरू विधानसभा के रामपुरा गांव में ग्रामीणों की ओर से मुख्य रास्ते पर घेराबंदी कर दी गई, जहां आम लोगों की आवाजाही से पहले गाड़ियों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार ने हाल ही में 12.50 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए हैं और जल्द ही स्कूल का निर्माण हो जाएगा, इसलिए वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे।
बीजेपी नेता लालचंद शर्मा ने कहा कि वे कॉकरोच जनता पार्टी को गांव में प्रवेश नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा, “यदि कॉकरोच जनता पार्टी यहां आना चाहती है तो पहले झारखंड जाए और उन बच्चों को संभाले, जो एक महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। स्कूल में कोई समस्या नहीं है। 12 लाख रुपए पास हो चुके हैं। गांव इतना सक्षम है कि यदि सरकार ध्यान नहीं भी देगी तो गांव वाले इस सरकारी स्कूल को बनाएंगे।”
यह भी पढ़ें: वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी, तीन मजदूरों की मौत

