वृंदावन में निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरी, तीन मजदूरों की मौत

Vrindavan Mall Accident

दूसरी मंजिल पर चल रही थी छत की ढलाई, चार मजदूर मलबे में दबे; एक की हालत गंभीर

वृंदावन। रुक्मणि विहार में ओमेक्स के निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में देर रात बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग और निर्माण सामग्री भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे में चार मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। इनमें तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

Vrindavan Mall Accident:

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में एक मजदूर को जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आलम, रिफ्यूल और नेपाल निवासी शिवराम के रूप में हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है।

Vrindavan Mall Accident:

ओमेक्स के जनरल मैनेजर आरके जैन ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि निर्माण स्थल पर रात करीब आठ बजे से सुबह तक ढलाई का काम चल रहा था। हादसे के समय वहां 10 से 12 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक शटरिंग और ढलाई की सामग्री गिरने से चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मॉल का निर्माण कार्य सात अगस्त से शुरू हुआ था। परियोजना के तहत दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस सात मंजिल की इमारत का निर्माण प्रस्तावित है।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Vrindavan Mall Accident:

यहां से शेयर करें