Greater Noida Accident: यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर कार पलटी, दो घायल

Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा, दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी रोहित अपने एक साथी के साथ कार से रबूपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर उनकी कार अचानक असंतुलित हो गई और कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार तेज गति से चल रही थी। पुलिस का अनुमान है कि चालक ने सामने आए किसी वाहन को बचाने के प्रयास में गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

दनकौर कोतवाली पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि यमुना एक्सप्रेसवे और इसकी सर्विस रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं के मामले लगातार सामने आते रहे हैं, जिसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन बार-बार यातायात नियमों के पालन की अपील करता रहा है।

यह भी पढ़ें: बावरिया गिरोह का कुख्यात चेन स्नैचर गिरफ्तार, पांच वारदातें सुलझीं

यहां से शेयर करें