New Delhi news दयालपुर थाना पुलिस ने झपटमारी के मामले में 26 वर्षीय मोहम्मद आकिब उर्फ आतिफ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीड़ित का झपटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को इंद्रा विहार के पास ई-रिक्शा से घर जा रहे हैदर अली के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दयालपुर क्षेत्र में हुई दो अन्य झपटमारी की वारदातों में भी शामिल होने की बात बताई, जिनसे संबंधित दो मामले दर्ज हैं। जांच में वह गोकलपुरी थाने का बीसी निकला और उसके खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी व आर्म्स एक्ट से जुड़े 14 मामले पहले से दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
New Delhi news

