New Delhi news आनंद विहार थाना पुलिस की क्रैक टीम और शाहदरा की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी टीम ने बावरिया गिरोह के एक कुख्यात सोने की चेन झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शामली, उत्तर प्रदेश निवासी 30 वर्षीय जीवन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पल्सर एन-250 मोटरसाइकिल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। उसकी गिरफ्तारी से आनंद विहार थाने में दर्ज सोने की चेन झपटमारी के पांच मामले सुलझे हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को सविता विहार मार्केट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब 30 ग्राम की सोने की चेन झपट ली थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों पर 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर जीवन की पहचान हुई और 18 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी शंकर उर्फ रिंकू के साथ मिलकर कई वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी-झपटमारी से जुड़े छह से अधिक मामले दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
New Delhi news

