Fortune World School: नोएडा के फॉर्च्यून वर्ल्ड स्कूल में छात्रों ने दिखाई विज्ञान प्रतिभा

Fortune World School: नोएडा, सेक्टर-105 स्थित फॉर्च्यून वर्ल्ड स्कूल में रविवार को ‘स्ट्रीम फेस्ट’ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों की सराहना बटोरी। विद्यालय के ऑडिटोरियम में हुए इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अलग-अलग विषयों पर आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट पेश किए।

दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत ढंग से दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल, आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सस्टेनेबल लिविंग जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। आयोजकों के अनुसार, हर प्रस्तुति में बच्चों की मेहनत और विषय की गहरी समझ साफ नजर आ रही थी।

कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद

इस मौके पर मंच पर उत्तर प्रदेश के पूर्व जीएसटी कमिश्नर उपेंद्र गुप्ता, आईएएस अधिकारी विनीता श्रीवास्तव, जर्मनी में कार्यरत शोध वैज्ञानिक वरुण गुप्ता, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के आर्किटेक्ट शिवेंद्र पांडे, सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) और स्थानीय नागरिक सुरेश बंसल विशेष रूप से मौजूद रहे। इन सभी अतिथियों ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए वर्किंग मॉडल और प्रोजेक्ट्स को सराहा।

विद्यालय प्रबंधन ने की छात्रों की तारीफ

कार्यक्रम को लेकर विद्यालय के चेयरमैन मोहन गोयल, चेयरपर्सन शशि गोयल, डायरेक्टर उन्तक गोयल और प्रधानाचार्या भारती सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन का कहना था कि जब बच्चे किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर खुद प्रयोग करके सीखते हैं, तो वह अनुभव उनके साथ लंबे समय तक रहता है। ऐसे व्यावहारिक अनुभव बच्चों में तार्किक सोच, रचनात्मकता और सीखने की आदत को मजबूत करते हैं।

अभिभावकों में दिखा उत्साह

कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम पूरी तरह अभिभावकों से भरा रहा। मौजूद अभिभावकों और मेहमानों ने विद्यालय की आधुनिक शिक्षण पद्धति और बच्चों के समग्र विकास पर दिए जाने वाले जोर की सराहना की। कार्यक्रम का समापन आयोजकों, शिक्षकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।

यह भी पढ़ें: Agra Train Case: चेन्नई में मिला ‘हाउस ऑफ हॉरर्स’, बिरयानी के बर्तन में मिले अवशेष, संदिग्ध फरार

यहां से शेयर करें