ग्रेटर नोएडा। खेड़ी गांव स्थित एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस के मौके पर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे मामूली विवाद के बाद 8-10 युवक स्कूल परिसर में घुस आए और 12वीं कक्षा के चार छात्रों के साथ मारपीट की। पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब 12वीं कक्षा के एक छात्र ने 10वीं कक्षा के छात्र लीली को थप्पड़ मार दिया। लीली ने इसकी जानकारी अपने भाई आदित्य सिंह को दी। पुलिस ने घटना के बाद पीड़ित छात्रों का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
कारण पूछने पर भड़का विवाद
घटना की जानकारी मिलते ही आदित्य ने संबंधित छात्र से थप्पड़ मारने का कारण पूछा और इस पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर उस छात्र ने अपने पिता प्रमोद को स्कूल बुला लिया। कुछ ही देर में प्रमोद कई अन्य युवकों के साथ स्कूल परिसर पहुंच गए। सबसे पहले स्कूल गेट के पास मयंक सिंह के साथ मारपीट की गई, इसके बाद परिसर के भीतर आदित्य को घेरकर पीटा गया।
गार्डों की कोशिश भी नाकाम
घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों को बचाने के लिए मौजूद गार्ड आगे आए, लेकिन आक्रामक युवकों को रोक नहीं पाए। मारपीट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज में कई युवक छात्रों के साथ मारपीट करते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इस फुटेज और शिकायत में दर्ज तथ्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है। परिजनों के मुताबिक पीड़ित छात्र आदित्य सिंह कैलाशपुर गांव और मयंक सिंह श्योराजपुर गांव के रहने वाले हैं। दोनों इसी कॉलेज में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्रों का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

