नोएडा। लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण ने जलभराव की समस्या को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा ने औद्योगिक और आवासीय सेक्टरों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान वर्क सर्किल-7 और वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने सेक्टर-80, सेक्टर-81, सेक्टर-82 और औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था और नालों की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकांश स्थानों पर जलभराव की समस्या नहीं मिली, लेकिन कुछ जगहों पर नालियों और पंपों की सफाई की आवश्यकता सामने आई। महाप्रबंधक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद ए.के. अरोड़ा ने सेक्टर-105 और सेक्टर-108 का निरीक्षण किया। सेक्टर-105 में उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश के दौरान किसी भी स्थिति में पानी जमा न होने दिया जाए।
महाप्रबंधक ने कहा कि मानसून के पूरे मौसम में जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और जहां भी जलभराव की आशंका हो, वहां पहले से आवश्यक इंतजाम किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत मिलने का इंतजार करने के बजाय संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि शहर के औद्योगिक क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों और आवासीय सेक्टरों में जलभराव रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नागरिकों और उद्योगों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, जानिए पूरा प्लान

