नोएडा में ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान को मिली रफ्तार, चेयरमैन दीपक कुमार और सीईओ कृष्णा करुणेश ने किया वृक्षारोपण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित प्रदेशव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान में नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर हरित और स्वच्छ शहर के निर्माण का संकल्प दोहराया।

नोएडा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों, पार्कों, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाएं तथा उन्हें विकसित होने तक उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें। नोएडा प्राधिकरण ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनभागीदारी अभियान है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

यहां से शेयर करें