New Delhi news दिल्ली पुलिस की पहाड़गंज थाना टीम ने करीब 48 घंटे तक लगातार तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और छापेमारी के बाद दो सक्रिय चेन स्नैचरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पहाड़गंज थाने का घोषित बैड कैरेक्टर (बीसी) और 79 आपराधिक मामलों में शामिल हिस्ट्रीशीटर है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दरियागंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 जून को दरियागंज थाना क्षेत्र में गुरु नानक चौक के पास एक युवक अपने मित्र के साथ जा रहा था। इसी दौरान काली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और पीछे बैठे बदमाश ने करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी कमला मार्केट की ओर फरार हो गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पहाड़गंज थाना पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार 48 घंटे तक तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और कई स्थानों पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान अर्जुन उर्फ बादल उर्फ छमटा उर्फ राहुल उर्फ सांगा उर्फ करण, निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज और ओवेश, निवासी जाफराबाद, दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने छीनी गई सोने की चेन सदर बाजार के एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये में बेच दी थी। आरोपियों ने बताया कि बिक्री से मिली पूरी रकम उन्होंने अपने निजी खर्च और खाने-पीने में खर्च कर दी। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जबकि छीनी गई चेन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
अर्जुन पहाड़गंज थाने का है सक्रिय बैड कैरेक्टर (बीसी)
पुलिस के अनुसार अर्जुन पहाड़गंज थाने का सक्रिय बैड कैरेक्टर (बीसी) है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी के 79 मामले दर्ज हैं। वहीं सह-आरोपी ओवेश भी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चेन स्नैचिंग और चोरी के 10 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
New Delhi news

