Mobile thieves in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें औने-पौने दामों में बाजार में बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 154 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सोमवार को पीपल वाला गोल चक्कर, नट मेड्या के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कंटेनर चालक निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना केशव कुमार एक लॉजिस्टिक कंपनी में कंटेनर चालक के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। कंपनी के डी-28, साइट-4 स्थित प्रतिष्ठान से मोबाइल फोन अलग-अलग जगहों पर डिलीवरी के लिए भेजे जाते थे। केशव अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में सुनसान जगह पर कंटेनर रोकता, सील खोलकर अंदर रखे मोबाइल फोन के कार्टन निकाल लेता। आरोपी बड़ी सफाई से कार्टन काटकर मोबाइल निकाल लेते और फिर कार्टन को इस तरह वापस रख देते कि सरसरी निगाह में कंटेनर में कोई कमी नजर न आए।
बाजार में बेचकर कमाते थे मुनाफा
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए मोबाइल फोन को आरोपी अपने अन्य साथियों की मदद से अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचाते थे और मांग के हिसाब से इन्हें कम कीमत पर बेचकर अवैध कमाई करते थे। मामला तब उजागर हुआ जब कंपनी में मोबाइल फोन की ऑडिट प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में फोन कम पाए गए। इसके बाद कंपनी के मैनेजर ने 24 जुलाई 2026 को बीटा-2 थाने में 165 मोबाइल फोन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान केशव, मनोज और विनीत (तीनों अलीगढ़ निवासी), रवि कुमार (मथुरा निवासी), हसीबुर रहमान और मोहम्मद शोएब (दोनों बिजनौर निवासी) के रूप में हुई है।

