लद्दाख में दर्दनाक हादसा: द्रास नदी में गिरा वाहन, एक की मौत, तीन लापता

Tragic accident

Incident in Ladakh : द्रास (लद्दाख)। लद्दाख के द्रास क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मारपोचू के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए द्रास नदी में जा समाया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग लापता हैं। प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल लापता लोगों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद 35 वर्षीय आगा सैयद बाकिर, पुत्र सैयद मुस्लिम, निवासी लंकरचे का शव चौकियाल के थांडा मोड़ क्षेत्र से बरामद किया गया। अधिकारियों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है।

Incident in Ladakh :

हादसे के बाद से तीन अन्य लोग अब भी लापता हैं। इनमें 26 वर्षीय सज्जाद हुसैन, पुत्र हाजी अब्बास, निवासी लंकरचे, 25 वर्षीय हसीना बानो, पुत्री महमूद हुसैन, निवासी गाटो लंकरचे तथा 23 वर्षीय सोगरा बानो, पुत्री मोहम्मद अली, निवासी गाटो लंकरचे शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। द्रास नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नदी के तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन टीमें लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों को खोजने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मृतक और लापता लोगों के परिजनों में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि खोज अभियान पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ जारी रहेगा।

Incident in Ladakh :

यहां से शेयर करें