जिंजर होटल फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने विवेक विहार स्थित जिंजर होटल के बाहर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ मेें आरोपियों की पहचान अजय उर्फ अज्जू और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सेमी-आॅटोमेटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20-21 मई की रात जिंजर होटल के बाहर नकाबपोश बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। मामले में विवेक विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान स्पेशल सेल ने मुखबिर और तकनीकी निगरानी की मदद से गाजीपुर क्षेत्र में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले आरोपियों के दोस्तों और होटल प्रबंधन के बीच पार्टी बिल को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदला लेने के उद्देश्य से होटल के बाहर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें