फोन पर बात करने से नाराज पिता ने बेटी की कर दी हत्या, शव के छह टुकड़े कर ट्रेन में फेंका

UP News :

UP News : कुशीनगर। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में युवती के शव के टुकड़े मिलने के सनसनीखेज मामले में जीआरपी ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या उसके पिता ने ही की थी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव के छह टुकड़े किए और उन्हें बक्से व बैग में भरकर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस में छोड़ दिया।

UP News :

पुलिस ने कुशीनगर जिले के सेवरही निवासी बिग्गन अंसारी को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने अपनी 16 वर्षीय बेटी शब्बा की हत्या की बात कबूल कर ली है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी दूसरे समुदाय के एक युवक से फोन पर बात करती थी, जिसका पिता विरोध करता था। कई बार समझाने और रोकने के बावजूद बेटी के नहीं मानने पर आरोपी उससे नाराज रहने लगा था।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी की दो बेटियां पहले ही प्रेम विवाह कर चुकी थीं। उसे डर था कि शब्बा भी उसी रास्ते पर चली जाएगी, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। इसी नाराजगी में उसने बेटी की हत्या की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि वारदात से पांच दिन पहले आरोपी ने अपनी पत्नी और दोनों बेटों को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया था। घर में केवल शब्बा और उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं। 16 मई को बिग्गन ने अपनी बहन नूरजहां और बहनोई मजबुल्लाह को घर बुलाया और उन्हें भी साजिश में शामिल कर लिया।

आरोप है कि देर शाम घर में ही किशोरी की हत्या कर दी गई। इसके बाद धारदार हथियार से शव के छह टुकड़े किए गए। पहचान छिपाने के लिए सिर को धड़ से अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया गया, जबकि बाकी अंगों को पुराने कपड़ों और प्लास्टिक में लपेटकर बक्से में रखा गया।

इसके बाद तीनों आरोपी ई-रिक्शा से तमकुही रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में बक्सा रख दिया। शव रखने के बाद आरोपी एसी कोच की तरफ से बाहर निकले। इस दौरान उनकी गतिविधियां ट्रेन और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ के बाद बिग्गन अंसारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से किशोरी का कटा सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

गौरतलब है कि रविवार सुबह गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की बोगी में एक बक्से के अंदर युवती के शव के पांच टुकड़े मिलने से हड़कंप मच गया था। शव का सिर गायब था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। अब मामले में पिता समेत अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

UP News :

यहां से शेयर करें