नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा परिसर में चार दिवसीय डिस्ट्रिक्ट प्ले क्रिएटर्स लीग का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी भिड़ंत आईएमएस वॉरियर्स और मिगसन चैंपियंस के बीच खेली गई, जिसमें दोनों टीमों ने अंत तक कड़ी टक्कर दी। तय समय में मैच 6-6 गोल की बराबरी पर छूटा, जिसके बाद नतीजा पेनल्टी शूटआउट के जरिए निकाला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मिगसन चैंपियंस ने बाजी मारते हुए लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
शुरू से ही आक्रामक रहा दोनों टीमों का खेल
आईएमएस की स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी ने बताया कि फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी शुरुआत से ही पूरे जोश और आक्रामकता के साथ मैदान में उतरे थे। तेज पासिंग, आकर्षक गोल प्रयासों और मजबूत रक्षापंक्ति ने पूरे मैच के दौरान दर्शकों को बांधे रखा। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला अंतिम सीटी तक कांटे का बना रहा। बराबरी टूटने के बाद पेनल्टी शूटआउट में मिगसन चैंपियंस के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम और सटीकता दिखाते हुए जीत सुनिश्चित की।
खेल व्यक्तित्व विकास का अहम जरिया: वाइस प्रेसिडेंट
कार्यक्रम के दौरान आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का बेहतरीन नमूना पेश किया। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान आगे भी युवाओं को खेल और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
सेमीफाइनल में भी रहा दमदार मुकाबला
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भी रोमांच कम नहीं था। पहले सेमीफाइनल में आईएमएस वॉरियर्स ने स्टेलारिन एफसी को 5-1 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मिगसन चैंपियंस और विश्वकर्मा स्पोर्ट्स एफसी के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मिगसन चैंपियंस ने जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

