भीषण गर्मी की चपेट में फंसे श्रमिकों, राहगीरों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। बचपन बचाओ सेवा समिति (एनजीओ) ने नोएडा के औद्योगिक सेक्टर 59, 60, 61, 62, 63, 64 और 65 में जगह-जगह शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पियाऊ स्थापित करने का अभियान शुरू कर दिया है। आज संस्था के अधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश और एसीईओ वंदना त्रिपाठी से मुलाकात कर इस जनहितकारी पहल को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
संस्था के महासचिव गौरव कुमार यादव ने बताया कि गर्मी के इस कहर में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। “भीषण गर्मी से परेशान श्रमिक भाईयों और राहगीरों को तत्काल राहत देने के लिए हमने पियाऊ लगाने का कार्य तेज कर दिया है। जल्द ही ये सभी सेक्टर कवर हो जाएंगे,” उन्होंने कहा। संस्था के अध्यक्ष कैलाश शाह, कोषाध्यक्ष मनोज जायसवाल, राष्ट्रीय सचिव एमएल यादव, उपाध्यक्ष सुरेश शाह और सुभाष वर्मा यादव ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्रों में पियाऊ लगाने का काम जोरों पर है और आने वाले दिनों में नोएडा के अन्य हिस्सों में भी इसे विस्तार दिया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सीईओ कृष्ण करुणेश ने कहा, “बचपन बचाओ सेवा समिति का यह नेक कार्य सराहनीय है। प्राधिकरण हर संभव सहयोग देगा, चाहे जगह उपलब्ध करानी हो या अन्य संसाधन।” एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने भी आश्वासन दिया कि संस्था को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
संस्था ने सभी सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों और नागरिकों से अपील की है कि इस जनसेवा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। महासचिव गौरव कुमार ने कहा, “सभी का सहयोग मिलेगा तो हम गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों तक राहत पहुंचा सकेंगे।” विशेषज्ञों के अनुसार, नोएडा में इस साल पारा 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में यह अभियान स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद उपयोगी साबित होगा। बचपन बचाओ सेवा समिति उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक प्रमुख एनजीओ है, जो बच्चों के अधिकारों और सामाजिक कल्याण पर काम करती है। यह पहल गर्मी से निपटने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
यह भी पढ़ें: फेफड़ों की नस में खून का थक्का बना मौत का कारण, कल पिपरा घाट पर होगा अंतिम संस्कार

