लापरवाही और पक्षपात की शिकायत पड़ी भारी: नोएडा के सेक्टर-113 थाना प्रभारी हटाए गए, CM तक पहुंची थी बात

नोएडा। जमीन विवाद में लापरवाही और पक्षपात के आरोपों की शिकायत जब लखनऊ में उच्च स्तर तक पहुंची तो नोएडा पुलिस को तत्काल हरकत में आना पड़ा। सेक्टर-113 थाना प्रभारी उप-निरीक्षक (SI) विपिन कुमार यादव को थाने से हटाकर अपराध शाखा भेजे जाने की कार्रवाई की गई है। उनकी जगह नई तैनाती की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंची थी शिकायत

यह पूरा मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें थाना पुलिस पर लापरवाही और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए गए थे। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचाई, जिसके बाद यह मामला तेजी से ऊपर तक उठता चला गया।

DGP-ADG की बैठक में भी उठा मामला

सूत्रों के मुताबिक हाल ही में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में, जिसमें डीजीपी और एडीजी कानून एवं व्यवस्था प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे, इस प्रकरण पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। इतना ही नहीं, शिकायत मुख्यमंत्री के संज्ञान तक भी पहुंचने की जानकारी है।

तत्काल जांच के आदेश, कार्रवाई शुरू

शीर्ष स्तर से संज्ञान लिए जाने के बाद पुलिस अधिकारियों ने नोएडा पुलिस को पूरे मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी के तहत सेक्टर-113 थाना प्रभारी को पद से हटाया गया। सूत्र यह भी बताते हैं कि नोएडा में तैनात एक अन्य इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। यह कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जमीनी स्तर पर पुलिस की लापरवाही और पक्षपात अब उच्च स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: मायावती का बड़ा एक्शन: तीन वरिष्ठ नेताओं को निष्कासित, पश्चिमी UP में बसपा को हो सकता है नुकसान

यहां से शेयर करें