नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चालू होने से पहले ही शहर में बड़े होटलों की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे किनारे सेक्टर-105 में पांच सितारा होटल के लिए ई-नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। इस प्लॉट को हल्दीराम समूह ने 131 करोड़ रुपये की बोली लगाकर हासिल किया है। खास बात यह है कि शहर में होटल प्लॉट का यह आवंटन करीब 20 साल बाद हुआ है।
114 करोड़ की कीमत, 131 करोड़ में बिका प्लॉट
सेक्टर-105 में 7500 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इस प्लॉट की मानक आवंटन कीमत 114 करोड़ रुपये तय की गई थी। हल्दीराम समूह ने इससे 17 करोड़ रुपये अधिक यानी 131 करोड़ रुपये की बोली लगाकर यह प्लॉट अपने नाम किया। नोएडा प्राधिकरण के लिए यह नीलामी न केवल सफल रही, बल्कि अपेक्षा से बेहतर राजस्व भी दिलाने वाली साबित हुई।
नामी होटल चेन की ही खुलेगी शाखा
नोएडा प्राधिकरण ने इस आवंटन में एक महत्वपूर्ण शर्त जोड़ी है। 5000 वर्गमीटर से बड़ा होटल प्लॉट लेने वाले आवंटी को निर्माण से पहले किसी स्थापित पांच सितारा होटल समूह के साथ साझेदारी का प्रमाण देना होगा। इसका मतलब साफ है कि यहां किसी मशहूर और स्थापित ब्रांड होटल चेन की ही शाखा खुलेगी, जिससे गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
20 साल से थी बड़े होटलों की कमी
नोएडा में होटल प्लॉट आवंटन का यह सिलसिला लंबे समय से थमा हुआ था। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद 2024 में होटल प्लॉट की योजना लाई गई थी, लेकिन वह खाली चली गई थी। लंबे समय तक योजना न आने के कारण शहर में बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के होटलों की संख्या काफी सीमित रह गई है।
एयरपोर्ट से बढ़ेगी मांग, सही समय पर सही कदम
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने के बाद शहर में व्यापारिक गतिविधियां और पर्यटन दोनों तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में पांच सितारा होटलों की मांग स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। प्राधिकरण का यह कदम भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सही समय पर उठाया गया माना जा रहा है।

