सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़, COBRA इंस्पेक्टर समेत 5 जवान घायल, रांची रेफर

Jharkhand :

Jharkhand : मनोहरपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घनघोर सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कोबरा बटालियन-205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत कुल पांच जवान घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया है।

Jharkhand :

मुठभेड़ छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र की सीमा के अंतर्गत बालिबा गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर बाबुडेरा, दलाइडेरा और चडराडेरा के पहाड़ी इलाके में हुई। यहां सुरक्षाबलों की नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन टीम का माओवादियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद करीब तीन घंटे तक रुक-रुक कर दोनों ओर से भारी गोलीबारी चलती रही।

Jharkhand :

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई मुठभेड़ दोपहर लगभग 2 बजे तक जारी रही। इस दौरान इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी कमर में गंभीर चोट आई है। अन्य घायल जवानों में शैलेश कुमार दुबे को गर्दन में, उत्तम कुमार सेनापति को हाथ में तथा जितेंद्र राय को पैर में गोली लगी है। वहीं एक अन्य जवान प्रेम कुमार भी घायल हुए हैं।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चार गंभीर रूप से घायल जवानों को बालिबा गांव से एयरलिफ्ट कर शाम करीब 5:15 बजे रांची रवाना किया, जबकि एक जवान का स्थानीय स्तर पर इलाज जारी है। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षा बलों का कहना है कि मुठभेड़ में माओवादियों को भी नुकसान पहुंचा है, हालांकि अभी तक किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हो सकी है, जिससे उनके नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा अतिरिक्त बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है। ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Jharkhand :

यहां से शेयर करें