₹1500 के विवाद में दोस्त ने ली दोस्त की जान: पत्थर मारकर नाले में फेंका, मौत; आरोपी गिरफ्तार

UP Crime:

नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-64 में बुधवार 26 फरवरी 2026 को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई डेड बॉडी ने पुलिस को हिला कर रख दिया। जांच में जो सच सामने आया वह और भी चौंकाने वाला था — महज डेढ़ हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक ने अपने ही साथी की पत्थर मारकर हत्या कर दी और शव को नाले में धकेल दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

ऐसे मिली डेड बॉडी

एसीपी उमेश ने बतया कि आज सुबह सेक्टर-64 के नाले के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना फेस-3 की स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पुलिस उच्चाधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान राहुल, उम्र लगभग 35 वर्ष, पुत्र अज्ञात, निवासी अज्ञात के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार मृतक राहुल फुटपाथ पर सोकर अपना जीवन यापन करता था।

₹1500 का विवाद बना मौत की वजह

एसीपी उमेश ने बतया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक राहुल और आरोपी रविन्द्र, उम्र 30 वर्ष, पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड — दोनों फुटपाथ पर ही सोते थे और एक-दूसरे के परिचित थे। दोनों के बीच 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी रविन्द्र ने गुस्से में आकर मृतक राहुल के सिर पर पत्थर से जानलेवा वार कर दिया और इसके बाद उसे पास के नाले में धकेल दिया, जिससे राहुल की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण, पंचायतनामा भरा गया

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर पूरे मौके का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कराया गया। साक्ष्य संकलन के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी रविन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: मोदी मॉडल को अपना रहे हैं योगी: सिंगापुर और जापान दौरे से यूपी के लिए जुटा रहे अरबों का निवेश

यहां से शेयर करें