New Delhi news दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शनिवार को इनर सर्किल, कनॉट प्लेस स्थित दिल्ली पुलिस प्रदर्शनी हॉल में दिल्ली पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और न्यूजलेटर लॉन्च किया।
उपराज्यपाल ने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग और जनसहभागिता के माध्यम से नशे के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए नशामुक्त और सुरक्षित दिल्ली के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। कहा कि यह पहल दिल्ली पुलिस के नशा उन्मूलन अभियान को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज के सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
दिल्ली क्राइम ब्रांच के उप पुलिस आयुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि नए एएनटीएफ लोगो में सतर्कता, ईमानदारी और मादक पदार्थों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया गया है। यह प्रतीक नशामुक्त समाज के निर्माण के लक्ष्य, समन्वय और दृढ़ संकल्प को प्रतिबिंबित करता है।
आधिकारिक वेबसाइट डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में करेगी कार्य
उन्होने कहा कि एएनटीएफ की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू की गई, जो एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी। वेबसाइट के माध्यम से नारको अपराधों और अपराधियों से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान सुगम होगा, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और ट्रैकिंग में सहायता मिलेगी। पोर्टल पर एएनटीएफ की गतिविधियों, जागरूकता अभियानों, पुनर्वास केंद्रों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा, विशेष पुलिस आयुक्त (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

New Delhi news

