Water Guardian: पावटा (जयपुर ग्रामीण)। ग्रामीण सत्ताईसा क्षेत्र के बड़नगर गांव निवासी पर्यावरणविद् और जल प्रहरी दीप सिंह शेखावत को 15 अगस्त 2026 को बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और व्यापक जन-जागरूकता अभियान के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
राजस्थान सरकार के आधिकारिक हैंडल से जारी जानकारी के अनुसार, श्री शेखावत ने जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए अब तक लगभग 3700 किलोमीटर की नंगे पैर यात्रा की है। उन्होंने विभिन्न गांवों, ढाणियों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों में 1000 से अधिक स्कूल-कॉलेज व गांवों में पहुंचकर 500 से ज्यादा जल चौपाल एवं पर्यावरण पंचायतों का आयोजन शामिल है। इस दौरान उन्होंने करीब 10 लाख लोगों को वर्षा जल संचयन, पौधरोपण, पानी की बर्बादी रोकने और जल संरक्षण के सरल उपायों के बारे में जागरूक किया।
दीप सिंह शेखावत पिछले कई वर्षों से “पानी-पेड़-प्रकृति बचाओ” अभियान चला रहे हैं। वे नंगे पांव गांव-गांव पदयात्रा कर जल चौपाल आयोजित करते हैं और स्थानीय लोगों को शपथ दिलाते हुए छोटे-छोटे प्रयासों से जल संकट से निपटने का संदेश देते हैं। इससे पहले उन्हें नदी योद्धा पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। आकाशवाणी के “हमारे अतिथि” कार्यक्रम में भी उन्हें पर्यावरणविद् और जल प्रहरी के रूप में साक्षात्कार दिया गया था। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा भी उनके कार्यों की सराहना की जा चुकी है।
राज्य स्तर पर यह सम्मान मिलने पर जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, प्रकृति प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी। बड़नगर और आसपास के क्षेत्रों में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। लोग मानते हैं कि श्री शेखावत जैसे जल प्रहरी सूखा प्रभावित राजस्थान में जल सुरक्षा की दिशा में जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जल संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। जल संचय-जन भागीदारी, अमृत सरोवर और अन्य योजनाओं के साथ व्यक्तिगत प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। दीप सिंह शेखावत का यह सम्मान ऐसे प्रयासों को नई प्रेरणा देने वाला है। वे आगे भी जल जागरूकता अभियान जारी रखने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।

