नोएडा सेक्टर-62 रामलीला मैदान में पुतले, पंडाल और स्टेज निर्माण का काम जोरों पर

नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में इस साल आयोजित होने वाले श्रीरामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रीराम मित्र मंडल, नोएडा के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मैदान में 70 फीट के रावण, 65 फीट के कुंभकरण और 60 फीट के मेघनाद के विशाल पुतले बनाने का काम तेज़ी से चल रहा है। इन पुतलों को तैयार करने में लोनी से आए एक दर्जन कलाकार दिन-रात जुटे हुए हैं।

दो मंजिला होगा भव्य स्टेज

इस बार आयोजन के लिए खास तौर पर बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। डॉ. शर्मा के अनुसार 120 फीट लंबा, 40 फीट चौड़ा और 6 फीट ऊंचा मुख्य स्टेज बनाया जाएगा, जिसके ऊपर 18 फीट ऊंची दूसरी मंजिल भी होगी। इस तरह कुल दो मंजिला स्टेज तैयार होगा। कलाकारों के लिए स्टेज के पीछे 90 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा पंडाल भी बनाया जा रहा है।

फिल्मी कलाकार निभाएंगे प्रमुख भूमिकाएं

डॉ. शर्मा ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों सहित कई अनुभवी रंगकर्मी प्रमुख किरदार निभाते नजर आएंगे। मंचन मुरादाबाद की प्रसिद्ध लीला मंडली श्री जानकी कला मंच के करीब 60 कलाकारों द्वारा किया जाएगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दर्शकों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों ने व्यापक व्यवस्था की है। रामलीला स्थल पर 100 सुरक्षा गार्ड, दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे, छह एम्बुलेंस और अग्निशमन यंत्रों सहित सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। बच्चों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए झूले व अन्य खेल-तमाशों की भी व्यवस्था रहेगी, वहीं श्रद्धालुओं के लिए खान-पान के कई स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

11 से 21 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव

डॉ. शर्मा के मुताबिक रामलीला मंचन 11 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक होगा। 11 अक्टूबर को हवन-पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा। समिति अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि 15 अक्टूबर को भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न सेक्टरों से गुजरते हुए सेक्टर-62 रामलीला स्थल पर पहुंचेगी। 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे विजयदशमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें 70 फुट के रावण, 65 फुट के कुंभकरण और 60 फुट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं 21 अक्टूबर को श्रीराम-भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ 11 दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का समापन होगा।

यह भी पढ़ें: सऊदी हूतियों पर बड़े हमले की तैयारी, पढ़िए बाब अल-मंदेब और लाल सागर को मुक्त कराने का प्लान

यहां से शेयर करें