प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा के दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति, दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग विस्तार पर सहमति
PM Modi UAE Visit: नई दिल्ली/अबू धाबी। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करते हुए लगभग 5 अरब डॉलर के निवेश समेत कई महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा, गैस सप्लाई और बुनियादी ढांचा (इंफ्रास्ट्रक्चर) जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
PM Modi UAE Visit:
यूएई की ओर से भारत में करीब 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की गई है, जो मुख्य रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, RBL बैंक और सम्मान कैपिटल जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। इस निवेश को भारत में आर्थिक गतिविधियों और विदेशी पूंजी प्रवाह के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रक्षा और ऊर्जा सहयोग को नई दिशा
दोनों देशों के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप पर भी समझौता हुआ है, जिससे रक्षा क्षेत्र में संयुक्त सहयोग, तकनीकी साझेदारी और रणनीतिक समन्वय को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा पेट्रोलियम भंडारण और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े समझौतों पर भी सहमति बनी है।
रसोई गैस यानी एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर हुए समझौते से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को स्थिरता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
द्विपक्षीय वार्ता में गर्मजोशी
प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे “अपने दूसरे घर” में आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यूएई की ओर से मिले स्वागत और सुरक्षा सहयोग से भारत गौरवान्वित है।
MoU का आदान-प्रदान, साझेदारी को मिली मजबूती
दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक, ऊर्जा और रणनीतिक संबंधों को दीर्घकालिक आधार पर मजबूत करना है।
पांच देशों के दौरे पर पीएम मोदी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इस समय पांच देशों के विदेश दौरे पर हैं। यूएई के बाद वे नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे। इन दौरों का उद्देश्य व्यापार, तकनीक, ऊर्जा, नवाचार और हरित विकास के क्षेत्रों में भारत की वैश्विक साझेदारियों को विस्तार देना है।
नीदरलैंड दौरे में राजा विलेम-अलेक्जेंडर और प्रधानमंत्री रॉब जेटन से मुलाकात प्रस्तावित है, जबकि स्वीडन में पीएम मोदी यूरोपीय उद्योग जगत के प्रमुख मंच को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे और इटली में शीर्ष नेतृत्व से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
PM Modi UAE Visit:

