New Delhi news सिविल लाइंस और सराय रोहिल्ला थाना पुलिस की टीमों ने दो सक्रिय अपराधियों विवेक उर्फ कालू (22) और रितिक कुमार उर्फ गोलू (25) को गिरफ्तार कर लूट, चोरी और वाहन चोरी के सात मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, पांच चोरी के दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन और लूटा गया पर्स बरामद किया गया है।
उत्तर जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में 14 अगस्त को दर्ज लूट के मामले में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ कालू की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद उसे 21 अगस्त को बदरपुर इलाके से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पीड़ित का आधार कार्ड और फोटो वाला पर्स बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने की। 23 अगस्त की रात गश्त के दौरान सूचना के आधार पर भारत नगर गंदा नाला पुल, शास्त्री नगर के पास रितिक कुमार उर्फ गोलू को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस मिला। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक चोरी का रियलमी मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और चार स्कूटी बरामद कीं। जांच में ये सामान दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से जुड़े मिले।
पुलिस के अनुसार विवेक उर्फ कालू सिविल लाइंस थाने का सक्रिय अपराधी है और उसके खिलाफ झपटमारी, घर में चोरी व शस्त्र अधिनियम के पांच मामले दर्ज हैं। वहीं रितिक कुमार उर्फ गोलू के खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी, मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम के 22 मामले दर्ज हैं। वह केशवपुरम थाने का घोषित बदमाश है तथा दिल्ली से बाहरी जिला बदर भी किया जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

