जनगणना 2027 के प्रथम चरण की आज से आगाज, घर-घर जाकर होगा मकान सूचीकरण

Ghaziabad news  अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने वीरवार को संयुक्त रूप से जनगणना 2027 के प्रथम चरण के चार्ज अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनगणना कार्य को त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है, वे अनिवार्य रूप से चार्ज अधिकारियों से अपना ड्यूटी बैग प्राप्त करें। ऐसा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को विधिवत प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
नगर निगम सीमा क्षेत्र को कुल 3885 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां लगभग 5000 प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों ने ड्यूटी में लापरवाही बरती जाएगी या उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जाएगी, ऐसे कर्मचरियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम की धारा 5 और 11 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
शहर वासी जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें
अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मकान सूचीकरण के लिए प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे, इसलिए नागरिक सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
Ghaziabad news

नगर आयुक्त ने  मोहन नगर जोनल कार्यालय पर किया निरीक्षण


Ghaziabad news  नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने वीरवार को मोहन नगर जोनल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुबह 10 बजे तक जोनल प्रभारी सुशील प्रताप सिंह एवं कर अधीक्षक रामबली पाल अपनी सीटों पर अनुपस्थित मिले, नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों के वेतन काटने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय का भी जायजा लिया। सुबह 10 बजे तक कार्यालय बंद मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद उन्होंने कर विभाग में पहुंचे नागरिकों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। हाउस टैक्स और यूजर चार्ज जमा कराने आए लोगों ने अनियमितताओं और रिकॉर्ड के अव्यवस्थित रखरखाव की शिकायत की, नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्याम पार्क साहिबाबाद निवासी इंद्र मोहन शर्मा की समस्या का मौके पर ही समाधान कराया गया। उन्हें डेथ सर्टिफिकेट उपलब्ध कराया गया तथा हाउस टैक्स में नाम परिवर्तन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए ।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में समय से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें तथा आगंतुकों के प्रति सद्भाव और संवेदनशीलता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

Ghaziabad news

यहां से शेयर करें