Moradabad News: मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 जून को मुरादाबाद का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जिले को 365.50 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और 37 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का दोपहर करीब 1:30 बजे मुरादाबाद पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सर्किट हाउस के पीछे जनसभा स्थल पर पंडाल निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
Moradabad News:
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का करेंगे निरीक्षण
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा रोड स्थित रामगंगा नदी के निकट हरदासपुर गांव में निर्माणाधीन गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण भी करेंगे। इसके साथ ही हरथला स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
63 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
जिले में कुल 63 विकास परियोजनाओं पर 365.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें 26 परियोजनाओं का लोकार्पण 136.15 करोड़ रुपये की लागत से और 37 परियोजनाओं का शिलान्यास 229.35 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो मुरादाबाद नगर में 24 परियोजनाएं (237.88 करोड़ रुपये), कुंदरकी में 27 परियोजनाएं (105.74 करोड़ रुपये) और मुरादाबाद देहात में 12 परियोजनाएं (21.88 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
बार मेमोरियल भवन का लोकार्पण भी प्रस्तावित
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान बार मेमोरियल भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इसके अलावा वे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे।
UP News:
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
सीएम के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को भी अलग से तैयार किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री मुरादाबाद में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन उनका रामपुर जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
तैयारियां युद्धस्तर पर
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, एमडीए उपाध्यक्ष और सीडीओ सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

