सेक्टर-100 स्थित एक आवासीय सोसायटी में रहने वाली युवती ने एक कैब चालक पर अभद्र व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न और गंभीर धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती ने रैपिडो ऐप से कैब बुक की थी, लेकिन आरोप है कि चालक ने उसे रास्ते में ही छोड़ दिया, जिससे उसकी ट्रेन छूट गई। मामले में सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता के मुताबिक, 25 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसने नोएडा के सेक्टर-100 से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए मोबाइल ऐप के जरिये कैब बुक की थी, और अमित कश्यप नाम का चालक उसे लेने पहुंचा था। शुरुआत में सफर सामान्य रहा, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद चालक ने अचानक गाड़ी रोककर तय रास्ते के बजाय दूसरे मार्ग पर ले जाने की कोशिश की। युवती ने जब इसका विरोध किया और सही रास्ते से चलने को कहा, तो दोनों के बीच बहस हो गई। शिकायत के अनुसार बहस के बाद चालक ने यात्रा जारी न रखते हुए उसे सेक्टर-38 स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के पास कब्रिस्तान की तरफ जाने वाले एक सुनसान रास्ते पर उतार दिया, जिससे युवती बेहद घबरा गई और खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। इस वजह से वह समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकी और उसकी ट्रेन छूट गई।
फोन कर दी गंभीर धमकियां
मामला यहीं नहीं थमा। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद चालक ने उसे दो बार फोन किया और इन कॉल्स के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर बदनाम करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने जैसी गंभीर धमकियां दीं। पुलिस अब इन आरोपों की पुष्टि के लिए कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
पहले कंपनी से शिकायत, फिर पुलिस के पास पहुंची पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि उसने सबसे पहले कैब सेवा कंपनी के ग्राहक सेवा विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वहां से उसे संतोषजनक जवाब या अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली। इसके बाद उसने सेक्टर-39 थाने जाकर लिखित शिकायत दी और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी चालक अमित कश्यप से पूछताछ की तैयारी कर रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपी चालक की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

