Rain wreaks havoc in Bulandshahr: बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मंगलवार को हुई तेज बारिश एक परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बनकर सामने आई। शहर के मोहल्ला साठा इलाके में स्कूल से पैदल घर लौट रही 11 वर्षीय छात्रा चारु कश्यप खुले नाले में गिरकर तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, चारु शहर के सुशीला इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 4 की छात्रा है। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह मोहल्ला साठा स्थित एक खुले नाले के ऊपर रखी पटिया पर जाकर खड़ी हो गई। तेज बारिश की वजह से नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया, जिससे पटिया फिसल गई और छात्रा संतुलन खोकर नाले में जा गिरी। देखते ही देखते वह तेज बहाव के साथ बह गई।
रेस्क्यू अभियान जारी, प्रशासन पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासनिक टीमों की मदद से छात्रा की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि अब तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों में मायूसी और आशंका का माहौल है, वहीं मोहल्ले के लोग भी रेस्क्यू अभियान में प्रशासन का साथ दे रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में खुले नालों और जल निकासी व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहल्ला साठा सहित शहर के कई इलाकों में नाले बिना ढके खुले पड़े हैं, जो बारिश के मौसम में बड़ा खतरा बन जाते हैं। हादसे के बाद नगर पालिका और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं, और लोगों ने मांग की है कि खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं और ताजा जानकारी मिलते ही अपडेट किया जाएगा।

