New Delhi news महिलाओं की सुरक्षा और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए आउटर जिला पुलिस की शिष्टाचार स्क्वाड ने जिलेभर में व्यापक जागरूकता एवं गश्त अभियान चलाया। पिछले 10 दिनों में टीम ने पार्कों, स्कूलों, बस स्टॉप और बसों में जाकर 15 हजार से अधिक नागरिकों से संवाद किया।
अभियान के दौरान महिलाओं, छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों और यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं जानी गईं। लोगों को संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1093 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने के साथ बस स्टॉप और बसों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए लगातार जांच अभियान भी चलाया गया। इस दौरान छेड़छाड़ और अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के तहत दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के अंतर्गत 127 लोगों को हिरासत में लिया गया।
आउटर जिला पुलिस के अनुसार, लगातार जनसंपर्क, जागरूकता और निवारक कार्रवाई के जरिए महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण तैयार करने का प्रयास जारी रहेगा।


New Delhi news

