पुलिस ने 70 लाख की लूटपाट का भंडाफोड़ कर चार आरोपी दबोचे

New Delhi news  पश्चिमी जिले के इंदरपुरी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई 70 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ, ऋषि यादव, सौरभ उर्फ बच्चा और विकास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 53.40 लाख नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 31 मार्च 2026 को कृषि कुंज, इंदरपुरी इलाके में यह घटना हुई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि एक कारोबारी के दो कर्मचारी 70 लाख नकद लेकर जा रहे थे, रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस लूट में अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका थी। शिकायतकर्ता के कर्मचारी विकास ने ही अपने साथियों मोहम्मद कैफ, ऋषि और सौरभ उर्फ बच्चा के साथ मिलकर साजिश रची थी और नकदी के मूवमेंट की जानकारी उन्हें दी थी।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी कर सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इस मामले को तेजी और पेशेवर तरीके से सुलझाया गया है, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें