ग्रेटर नोएडा। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ानें शुरू होने के साथ ही यात्रियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा भी मिलेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद यूपी रोडवेज द्वारा प्रथम चरण में चार रूटों पर 15 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए इन रूटों को इस प्रकार तय किया गया है कि अधिक से अधिक क्षेत्रों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सके। एक महीने के ट्रायल के रूप में यह सेवा संचालित की जाएगी।
चार रूट, इस प्रकार होगा संचालन
रूट-1: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक — 4 बसें
रूट-2: चार मूर्ति चौक से 130 मीटर चौड़ी रोड होते हुए राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) से एयरपोर्ट तक — 4 बसें
रूट-3: ग्रेटर नोएडा ईस्ट से 130 मीटर रोड, मकौड़ा रोटरी और नासा पार्किंग होते हुए एयरपोर्ट तक — 4 बसें
रूट-4: औद्योगिक सेक्टर-16 से तिलपता रोटरी, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल और जीबीयू होते हुए एयरपोर्ट तक — 3 बसें
यह कदम न केवल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ग्रेटर नोएडा के निवासियों को किफायती और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुरू की बैरियर-लेस टोलिंग प्रणाली

