New Delhi news दिल्ली पुलिस का सप्ताहभर चलाया गया नशा विरोधी जागरूकता अभियान नशा नॉट कूल वीरवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान राजधानी भर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही।
समापन पर पूर्वी, नई दिल्ली, पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी जिलों में सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और स्कूलों, एनएसएस अधिकारियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों तथा पुलिसकर्मियों के सामूहिक योगदान की सराहना की गई।
इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के उन स्वयंसेवकों को बाबू राव रत्नेश, गोपी कुमार, हारून, यशिका शर्मा, शिफा रिजवी, गुन ठाकुर, सुधांशु कुमार, अनिकेत राज, सबाह निजामी, शेहरान खान, आमिर खान, शाकिब खान, अदिति सिंह, साहिल, मंशील सहरावत, आदित्य कुमार पांडेय, पलक कपूर, भरत और यिशु भास्कर को सम्मानित किया। ििजन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से रचनात्मक एवं प्रभावशाली सामग्री साझा कर नशा विरोधी संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
अभियान के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों, केमिस्ट दुकानों, शैक्षणिक संस्थानों और युवा स्वयंसेवकों सहित विभिन्न हितधारकों को जोड़कर व्यापक जनजागरूकता चलाई गई। चिकित्सकों ने विभिन्न मंचों, विशेषकर सोशल मीडिया के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर जानकारी साझा की, जबकि केमिस्ट दुकानदारों व फार्मासिस्टों ने अपने प्रतिष्ठानों पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित कर तथा नशा विरोधी संदेश वाले आर्मबैंड पहनकर अभियान को समर्थन दिया।
नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण में निभाए सक्रिय भूमिका
अभियान को मीडिया, फिल्म और खेल जगत की हस्तियों का भी समर्थन मिला, जिससे इसकी पहुंच और प्रभाव में वृद्धि हुई। हाल ही में फिल्म अभिनेता संजय दत्त ने भी इस पहल का समर्थन किया। अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज कार्यक्रम, रेडियो जिंगल्स, सोशल मीडिया अभियान तथा जनसंपर्क वाहन के माध्यम से आॅडियो-वीडियो संदेशों का व्यापक प्रसार किया गया।
दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक रहें और नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।


New Delhi news

