नोएडा। समाजवादी पार्टी के नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नोएडा विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर देशभर में वोट चोरी कर भाजपा की सरकारें बनवाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी खुद की बेटी गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी (DM) नोएडा में सपा के पोलिंग बूथों और बीएलओ के नाम काटकर बूथ कैप्चरिंग करवा रही हैं। गुप्ता ने दावा किया कि उन्होंने 3 जून को भी इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सबूत दिए थे, लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दोबारा जांच करने पर 75-80 प्रतिशत वोट पहले जैसे ही पाए गए, यानी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि उनके पास 25,000 वोटों का डाटा है, जिसमें डबल, ट्रिपल और चार-चार वोट भी शामिल हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बबली शर्मा के दो, सचिन कुमार के तीन और सोनम के तीन वोट हैं। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद भी कई वैध मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान कुलदीप कुलभूषण शर्मा का उदाहरण दिया, जिनके वोट काट दिए गए।
गुप्ता ने संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा कि 18 साल से ऊपर के हर भारतीय नागरिक को वोट डालने का अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सपा कार्यकर्ता होना गुनाह है, जिसके कारण उनके वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने बीएलए लिस्ट भी सौंपी थी, लेकिन उसके बावजूद नाम हटाए गए।

सपा नेता ने ऐलान किया कि इसी विरोध में रविवार को नोएडा में मार्च निकाला जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने कहा कि नोएडा में री-रिवीजन क्यों हो रहा है और फर्जी वोट किसके पक्ष में इस्तेमाल हो रहे हैं, इसका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्य वक्ताओं ने भी यही सवाल उठाए कि वैध मतदाता होने के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं के वोट क्यों काटे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: नोएडा में सर्वर हैक कर सिल्वर ऑप्शंस में फर्जी ट्रेडिंग, 11 करोड़ का नुकसान

