फेसबुक से किया संपर्क, शेयर बाजार में मुनाफे का लालच दे महिला से 1 करोड़ की ठगी

नोएडा। शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक महिला से करीब एक करोड़ रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने सबसे पहले फेसबुक के माध्यम से महिला से संपर्क साधा और एक कंपनी के शेयरों में निवेश कराने का भरोसा दिलाया।

34 दिनों तक होता रहा लेनदेन

पुलिस के अनुसार, महिला ने 25 अगस्त से 29 सितंबर के बीच लगातार अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। हर बार आरोपियों ने निवेश पर अच्छे रिटर्न का भरोसा दिलाकर उन्हें और पैसा भेजने के लिए प्रेरित किया। इस तरह 34 दिनों के भीतर महिला करीब एक करोड़ रुपए गंवा बैठी।

शक होने पर की शिकायत

भारी रकम भेजने के बावजूद जब निवेश से कोई लाभ नहीं मिला और आरोपी नए-नए बहाने बनाने लगे, तो महिला को ठगी का अंदेशा हुआ। जांच करने पर पूरा मामला साइबर फ्रॉड का निकला। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता गृहिणी हैं जबकि उनके पति एक निजी कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इतनी बड़ी रकम गंवाने से परिवार में हड़कंप मच गया।

साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज, जांच जारी

शिकायत के आधार पर सोमवार को साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम किन-किन खातों में पहुंची और वहां से आगे कहां ट्रांसफर की गई। पुलिस को उम्मीद है कि इस जांच से गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें: 5 करोड़ लिए विराट कोहली ने? टीम ने दावा बताया झूठा और निराधार

यहां से शेयर करें