नोएडा। सेक्टर-22 स्थित समर विला स्कूल के पास मंगलवार को पानी की पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा, जिससे सड़क पर झरने जैसा नजारा बन गया। प्रशासन के अनुसार अब तक लाखों लीटर पानी बह चुका है। तेज बहाव के चलते आसपास की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पाइपलाइन फटने का असर आसपास के सेक्टरों की जलापूर्ति पर भी पड़ा है, जहां पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है।
मेन सप्लाई बंद कर शुरू की गई मरम्मत
प्राधिकरण के जीएम आरपी सिंह ने बताया कि यह घटना डिस्ट्रीब्यूशन लाइन फटने से हुई है। समस्या सामने आते ही मेन सप्लाई बंद कर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। प्राधिकरण ने दो से तीन घंटे के भीतर मरम्मत पूरी करने का लक्ष्य रखा है।
पुरानी पाइपलाइन बनी समस्या की जड़
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके की पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है, जिसके चलते इससे पहले भी कई बार इसी जगह लीकेज की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बार-बार होने वाली इस समस्या को खत्म करने के लिए पाइपलाइन की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी और आम जनता की परेशानी को रोका जा सके।

