नोएडा। गुरुवार को नोएडा के फेस-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-8 के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने नशे की हालत में अनियंत्रित होकर सड़क पर पैदल जा रहे 48 वर्षीय व्यक्ति को कुचल दिया। मृतक की पहचान मूल रूप से नोएडा निवासी सोनपाल सिंह के रूप में हुई है। घटना इतनी भयानक थी कि सोनपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जांच में व्यस्त है। नशे में धुत होकर वाहन चलाने और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जेवर में सेना के जवान पर हमला, बाइक टक्कर के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप

