ग्रेटर नोएडा। जेवर इलाके में बाइक टकराने की मामूली सी घटना ने बुधवार शाम हिंसक रूप ले लिया, जब तीन युवकों ने सेना के एक जवान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने नुकीली चीज से जवान की नाक पर वार किया, जिससे नाक का अगला हिस्सा कट गया।
कैसे हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ के बुढ़ाका गांव निवासी रॉकी तालान सेना की पांच जाट बटालियन में तैनात हैं और इन दिनों सियाचिन ग्लेशियर बेस कैंप में सेवा दे रहे हैं। वे फिलहाल छुट्टी पर घर आए हुए थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे जेवर स्थित आर एंड आर टाउनशिप के पास उनकी बाइक एक युवक की मोटरसाइकिल से टकरा गई। मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवक अपने दो साथियों को बुला लाया और तीनों ने मिलकर रॉकी पर हमला बोल दिया।
नुकीली चीज और हथौड़े से हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नुकीली चीज से जवान की नाक पर वार किया, जिससे उनकी नाक का अगला हिस्सा कट गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने हथौड़े से भी रॉकी की जांघ पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल जवान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच शुरू
जेवर पुलिस ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिल गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में सपा का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

