ग्रेटर नोएडा के जहांगीरपुर कस्बे में बुधवार रात करीब 11 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने कबाड़ की दुकान चलाने वाले इमरान (32) पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल इमरान को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, इमरान दवा लेने बाजार गया था। तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। मृतक का आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई बताई जा रही है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अनीस, नफीस, आरिफ, चांद, यूनुस और जान मोहम्मद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने के साथ आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आगे की जांच जारी है।

