नोएडा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, फर्जी लोन स्वीकृति पत्र भेजकर करते थे ठगी, 10% कमीशन पर बेचते थे बैंक खाते, दो गिरफ्तार

नोएडा। पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को बुधवार को गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी से गिरफ्तार किया।

कैसे देते थे ठगी को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सबसे पहले लोन की जरूरतमंद लोगों का डाटा इकट्ठा करते थे। इसके बाद उन्हें फोन कर पर्सनल लोन दिलाने का भरोसा दिलाया जाता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए गिरोह की ओर से फर्जी लोन स्वीकृति पत्र भी भेजे जाते थे। इसके बाद लोन प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पीड़ितों से रकम जमा कराई जाती थी। जैसे ही यह रकम खाते में पहुंचती, आरोपी पीड़ितों से संपर्क तोड़ देते थे।

कमीशन पर बेचते थे बैंक खाते

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी अपने बैंक खाते साइबर ठगों को 10 प्रतिशत कमीशन पर मुहैया कराते थे। ठगी की रकम खाते में आने पर आरोपी अपना कमीशन काटकर बाकी रकम आगे साइबर अपराधियों को भेज देते थे। जांच में सामने आया कि आरोपी तुषार के खाते में 1.20 लाख रुपए और आरोपी सुमित के खाते में 2.20 लाख रुपए जमा हुए थे। दोनों खातों में कुल मिलाकर 3.40 लाख रुपए का लेनदेन दर्ज पाया गया।

महाराष्ट्र और तमिलनाडु से भी शिकायतें

पुलिस के अनुसार दोनों बैंक खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर महाराष्ट्र और तमिलनाडु से भी शिकायतें दर्ज हैं। अब पुलिस इन खातों से जुड़े अन्य लेनदेन और संभावित संदिग्ध खातों की जांच में जुटी है।

यह पूरी कार्रवाई साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 145/2025 से संबंधित है। इसी केस में पुलिस इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 दिसंबर 2025 को जेल भेज चुकी है।

नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों, वेबसाइट और डिजिटल नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, आधार, पैन कार्ड या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज साझा न करें। किसी भी लोन ऑफर पर भरोसा करने से पहले संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था से उसकी पुष्टि जरूर कर लें।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा: तिलपता गांव में तालाब में कूदी महिला की मौत, लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं बचा सकी जान

यहां से शेयर करें