Muskan Murder Case: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय छात्रा और पार्ट-टाइम मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। घटना के करीब दो दिन बाद मुख्य आरोपी और मृतका के जिम ट्रेनर इमरान को पुलिस ने राजा गार्डन इलाके स्थित होम गार्ड ग्राउंड के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान इमरान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या था मामला
बुधवार शाम तिलक नगर के ओल्ड/न्यू महावीर नगर इलाके में एक बहुमंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर रहने वाली मुस्कान अपने घर में अकेली थी, जब आरोपी घर में घुस आया और उस पर चाकू से कई वार किए। घटना के वक्त मुस्कान की बहनें घर पर मौजूद नहीं थीं। पड़ोसियों ने मुस्कान की चीख-पुकार सुनकर घर पहुंचकर देखा तो वह गंभीर रूप से घायल हालत में खून से लथपथ पड़ी मिली। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी और मृतका का पुराना परिचय
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इमरान उसी जिम में ट्रेनर था, जहां मुस्कान वर्कआउट के लिए जाती थी। दोनों करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। मुस्कान के दोस्तों और परिवार के अनुसार, इमरान पहले भी मुस्कान को परेशान कर चुका था और उस पर शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि जिम की मालकिन ने दावा किया कि दोनों का आपसी व्यवहार सामान्य ही नजर आता था और उन्हें किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। जिम मालिक के मुताबिक इमरान को समय पर ड्यूटी न आने के कारण पहले ही नौकरी से निकाला जा चुका था, वहीं मुस्कान ने भी सदस्यता खत्म होने के बाद जिम जाना छोड़ दिया था।
फरारी से गिरफ्तारी तक
घटना के तुरंत बाद इमरान मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश में पश्चिमी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त की देखरेख में 15 से ज्यादा पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी को घटनास्थल से भागते हुए देखा गया। तकनीकी सर्विलांस और लोकल इनपुट के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस के अनुसार, राजा गार्डन स्थित होम गार्ड ग्राउंड के पास घेराबंदी के दौरान इमरान ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आगे की जांच
पुलिस अब हत्या के पीछे की सटीक वजह, दोनों के बीच हाल में हुए किसी विवाद और आरोपी के घर में घुसने के तरीके सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मुस्कान की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है और महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

