New Delhi news दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (एनडीआर) ने दो सनसनीखेज हत्याओं और एक गंभीर हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी लवकुश उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। उसके खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को दबरी के मधु विहार इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर चार आरोपियों ने हनी, अनीश और रोहित कश्यप पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल हनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भागते समय एक जेप्टो डिलीवरी कर्मी गोविंद झा की मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गोविंद पर भी कई बार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इस संबंध में दबरी थाने में दो हत्या के मुकदमे दर्ज किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन वारदात का मुख्य साजिशकर्ता लवकुश उर्फ जीतू लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू की व्यवस्था भी उसी ने की थी। अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई भी शुरू कर दी थी।
अपराध शाखा की विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। 5 अगस्त को सूचना मिली कि वह द्वारका मोड़ इलाके में आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्या के मामलों और एक अन्य मारपीट के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वारदात के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अलग-अलग शहरों में ठिकाने बदलता रहा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और मारपीट जैसे नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

