पति ने पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखा, उंगलियां भी काटीं; शव कुत्तों को खिलाने की थी तैयारी

गुवाहाटी, असम के गुवाहाटी में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी का सिर धड़ से अलग करके फ्रिज में रख दिया और उसके दोनों हाथों की उंगलियां भी काट डालीं। शव को कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई जा रही थी, लेकिन तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

मामले का खुलासा रविवार को हुआ। पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो 25 वर्षीय रिया तालुकदार का धड़ मिला। हत्या के बाद से फरार आरोपी रामानुजन गोस्वामी को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद रामानुजन ने उसी कमरे में खाना बनाया और खाया। इसके बाद उसने रिया के शव को काटकर मांस कुत्तों को खिलाने की योजना बनाई थी। खाना खाने के बाद वह घर से भाग निकला।

रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट स्थित एक बुटीक में काम करती थीं। उनके परिवार में केवल एक भाई है। रामानुजन कैब चलाता था। आरोपी का पैतृक घर धुबरी जिले के गौरीपुर में है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं। धुबरी थाने में उसके खिलाफ एटीएम चोरी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस रामानुजन से पूछताछ कर रही है। उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी जांच चल रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: आगरा में PWD की लापरवाही ने ली नवजात की जान! गड्ढे में फंसी एंबुलेंस, 2 घंटे तक नहीं मिली मदद

यहां से शेयर करें