Greater Noida road accident: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर नवादा गोलचक्कर से डोमिनोज गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। रास्ते में अवध ग्रीन कट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल, अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हमीरपुर निवासी सचिन (19), जो फिलहाल गांव ऐच्छर में रह रहा था, और इसी क्षेत्र के मनीष (19), जिसका वर्तमान पता ओमिक्रोन है, के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार व चालक को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया है और वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

