Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह मंगलवार को अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने हादसे में घायल फायर कर्मियों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Greater Noida News :
घायलों और परिजनों से की मुलाकात
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अस्पताल में भर्ती घायल फायर कर्मियों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ खड़ा है और घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
भवन की सुरक्षा और कंपनी प्रबंधन की होगी जांच
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए इन्क्वायरी बैठा दी गई है। साथ ही भवन की संरचनात्मक स्थिति की जांच के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र भेजेगा। जांच में यदि यह पाया गया कि कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया या किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आग बुझाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
सोमवार देर रात करीब तीन बजे ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप का निर्माण होता है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
इसी दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन रोहित यादव, मनीष कुमार और अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो फायर कर्मियों की गई जान
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। अन्य घायल फायर कर्मियों का इलाज जारी है। इस घटना से फायर विभाग और पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
फोरेंसिक टीम कर रही जांच
हादसे के बाद कंपनी परिसर को सुरक्षा के लिहाज से सील कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों के साथ-साथ भवन की मजबूती और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Greater Noida News :

